सिर, हाथ और पैर में आईं गंभीर चोटें, मोटरसाइकिल छोड़कर भागे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में दुकान बंद कर घर लौट रहे शख्स पर कार और मोटरसाइकिल से आए पांच युवकों ने डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने वारदात के बाद जान से मारने की धमकी दी और भाग गए। मौके पर एक मोटरसाइकिल भी छोड़ गए।
सराय ख्वाजा निवासी साजिद ने पुलिस को बताया कि वह पल्ला में चिकन की दुकान संचालित करते हैं। 22 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह और उनका भाई जाबिर अपनी-अपनी दुकानें बंद कर एक ही मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब 11:15 बजे बाईपास रोड स्थित कनिष्का टावर के पास एक कार और मोटरसाइकिल पर सवार पांच युवक वहां पहुंचे। शिकायत के अनुसार, कार से उतरते ही एक युवक ने उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद सभी आरोपियों ने उनके हाथ और पैरों पर डंडों से हमले किए। शोर सुनकर जाबिर और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार से भाग गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल मौके पर ही छूट गई।
घायल साजिद को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मेडिकल जांच में सिर पर दो गहरे घाव, बाईं कोहनी, दाहिने पैर और आंख के पास गंभीर चोटें पाई गईं। 23 जुलाई को चिकित्सकों ने उन्हें बयान देने के लिए अयोग्य बताया था। 24 जुलाई को चिकित्सकीय रूप से फिट घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर 24 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।