मोटरसाइकिल पर बंधी जूस की पेटी से बिगड़ा संतुलन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक विजय गौतम की मौत हो गई। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का निवासी था और परिवार के साथ गाजियाबाद में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता था।
पुलिस के अनुसार, विजय गौतम रविवार रात गाजियाबाद से वृंदावन जाने के लिए मोटरसाइकिल पर निकला था। सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के निकट उसकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। बताया गया है कि मोटरसाइकिल के पीछे जूस की बोतलों की एक पेटी बंधी हुई थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को बादशाह खान नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।