बिना हेलमेट वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
मई में ही 59 हजार से अधिक चालान किए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में अभियान चलाते हुए दो लाख 66 हजार चालान किए हैं। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता के साथ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जनवरी से मई के बीच जनवरी में 52 हजार 690, फरवरी में 40 हजार 807, मार्च में 56 हजार 220, अप्रैल में 57 हजार 28 और मई में 59 हजार 260 चालान किए गए। मई में सबसे अधिक कार्रवाई दर्ज की गई। यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सबसे ज्यादा एक लाख 13 हजार 667 चालान किए गए। इसके अलावा काली फिल्म लगे शीशों पर 6 हजार 523, नशे में वाहन चलाने पर 2 हजार 878, गलत पार्किंग पर 22 हजार 515, लेन नियमों के उल्लंघन पर 22 हजार 244, तेज रफ्तार वाहन चलाने पर 27 हजार 730, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 23 हजार 432 तथा नंबर प्लेट नियमों की अवहेलना करने पर 15 हजार 377 चालान किए गए।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। पुलिस ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने व नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।