पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े सौरभ के परिजन।
- फोटो : Faridabad
पिनाकल टावर की 12वीं मंजिल से गिरा युवक, मौत
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के पिनाकल बिजनेस टावर की 12वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर सौरभ शर्मा नामक युवक की मौत हो गई। छत से जमीन पर युवक के गिरते ही बिजनेस टावर में मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बल्लभगढ़ की भाटिया कालोनी में रहने वाला सौरभ शर्मा पिनाकल टावर स्थित री-मैक्स रियल एस्टेट कंपनी में एकाउंटेंट था। पुलिस इस घटना को आत्महत्या मान रही है। हालांकि मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी अर्जुन देव ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पौने 12 बजे पिनाकल बिजनेस टावर से सूचना मिली कि एक युवक छत से नीचे गिर गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि गिरने वाला सौरभ शर्मा री-मैक्स रियल एस्टेट कंपनी में एकाउंटेंट था। इस कंपनी का आफिस पिनाकल बिजनेस टावर की छठीं मंजिल पर है। पुलिस ने घटना स्थल की जांच की तो मृतक पैरों के निशान टावर की 12वीं मंजिल स्थित लॉबी में दिखे। उसका मोबाइल भी वहीं पड़ा हुआ था। सौरभ को बीके सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई गौरव ने बताया कि शांत स्वभाव के सौरभ शर्मा ने करीब डेढ़ साल पहले ही री-मैक्स रियल एस्टेट कंपनी में एकाउंटेंट की नौकरी की थी। बीते काफी दिनों से तनाव में रह रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी तनाव में आकर उसने बुधवार दोपहर टावर की 12वीं मंजिल से छलांग लगा दी। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस मामले में गहन पड़ताल कर रही है। अभी तक आत्महत्या के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। पुलिस मामले में परिजन के साथ उसकी कंपनी के लोगों से भी पूछताछ करेगी।