मृतक सिविल इंजीनियर का फाइल फोटो।
- फोटो : Faridabad
पत्नी और प्रेमी से तंग आकर इंजीनियर ने की आत्महत्या
फरीदाबाद। पत्नी के अवैध संबंध से तंग आकर करीब 45 साल के सिविल इंजीनियर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है। इसमें उसने आत्महत्या का आरोप अपनी पत्नी सीमा व उसके प्रेमी विनोद पर लगाया है। सुसाइड नोट के आधार पर सिविल इंजीनियर शिव कुमार के बड़े भाई अनिल रावत ने सीमा व उसके प्रेमी के खिलाफ सेक्टर-16 में मामला दर्ज कराया है।
परिजनों का आरोप है कि संत नगर में रहने वाले सिविल इंजीनियर शिव कुमार रावत ने पत्नी व उसके प्रेमी के विवाद से बचने के लिए सेक्टर-55 में रहना शुरू किया था। सीमा व शिव कुमार की शादी 1999 में मथुरा में हुई थी। उस समय वह गुजरात में कार्यरत था। पत्नी व दो बच्चों की जिम्मेदारी बढ़ने के बाद इंजीनियर शिव कुमार ने गुजरात से नौकरी छोड़ कर भिवानी में नौकरी शुरू की थी। वहां से वह हर सप्ताह फरीदाबाद स्थित अपने घर आ जाता था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक कैब चालक विनय से सीमा के अवैध संबंध थे। इसकी भनक लगने के बाद शिवकुमार ने कई बार उसे समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। 22 अप्रैल को सीमा पति का घर छोड़ कर प्रेमी विनय के साथ चली गई। मायके वालों की मदद से सीमा ने शिव कुमार की कार भी छीन ली और उसे बेच इसके बाद उसने मायके वालों के मदद से मथुरा में इंजीनियर शिव कुमार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया। इसके कुछ दिन बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। करीब बारह दिन पहले ही सीमा इंजीनियर शिव कुमार के घर लौट आई। मंगलवार को फिर से पति-पत्नी के बीच विवाद होने के कारण शिव कुमार ने पहली मंजिल पर अपने कमरे में जहर खा लिया। उसे बीके सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। यहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।