संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-24 में बृहस्पतिवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-55 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। बताया जा रहा है मृतक बहुजन समाज पार्टी की नेता मनशा पासवान का चचेरे भाई है।
सेक्टर-24 निवासी 36 वर्षीय रमेश चंद्र पासवान बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे घर में नहाने के लिए पानी की मोटर चलाने गए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने बिजली बोर्ड में मोटर का तार लगाया, उसी दौरान एक खुला बिजली का तार उनके हाथ के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
मनशा पासवान ने बताया कि रमेश चंद्र उनके चचेरे भाई थे और उनके साथ ही सेक्टर-24 स्थित मकान में रहते थे। घटना के समय वह दवाई लेने के लिए अस्पताल गई हुई थीं। जब वह वापस घर पहुंचीं तो रमेश बाथरूम के पास जमीन पर पड़े मिले। उनके हाथ में मोटर का तार लगा हुआ था। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि रमेश चंद्र सेक्टर-24 स्थित शिवालिक कंपनी के पास चाउमीन और बर्गर की रेहड़ी लगाकर अपना जीवन यापन करते थे। वह अविवाहित थे। उनके परिवार में चार भाई और एक बहन हैं, जो अलीगढ़ में रहते हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-55 चौकी पुलिस को करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।