-बालाजी कॉलोनी में झाड़ू लगाते समय हुआ हादसा, लोगों ने लाइन हटाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बालाजी कॉलोनी में मंगलवार सुबह छत से गुजरती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।हादसे के समय युवक झाड़ू लगा रहा था। हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने आबादी के बीच से गुजर रही लाइन को हटाने या सुरक्षित तरीके से कवर करने की मांग उठाई है।
बालाजी कॉलोनी निवासी अखिलेश कुमार सिंह मंगलवार को अपने मकान की छत पर झाड़ू लगा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके मकान की छत के ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि हादसे के समय झाड़ू बिजली की लाइन से करीब चार से पांच इंच की दूरी पर थी, लेकिन तेज वोल्टेज के कारण करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
करंट लगते ही अखिलेश बुरी तरह झुलस गए और छत से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। गिरने के बाद उनके नाक और कान से भी खून निकलने लगा। आसपास के लोग अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कॉलोनी के लोगों में बिजली निगम के प्रति नाराजगी दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी के बीच और मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई है। उनका दावा है कि इस लाइन से पहले भी कई लोग करंट की चपेट में आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि मकानों के ऊपर से गुजर रही लाइन को तत्काल दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए। यदि ऐसा संभव नहीं है तो लाइन को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से कवर किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का हादसा न झेलना पड़े।