अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कुरुक्षेत्र में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर वाटर कैनन चलाए जाने के विरोध में फरीदाबाद जिला युवा कांग्रेस ने सेक्टर-10, 12 के डिवाइडिंग रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास दायमा ने किया।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता तरुण तेवतिया मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की।
निशित कटारिया ने कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर वाटर कैनन चलाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों पर हमला है। उनका कहना था कि युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को दबाने का हर प्रयास विफल होगा। प्रदर्शन में कुलदीप, ईशांत कथूरिया, उमेश कौशिक, दक्ष कौशिक, विकास नागर, विधुर नागर सहित युवा कांग्रेस और कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।