परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। तिरखा कॉलोनी में रहने वाले 30 वर्षीय युवक ने रविवार दोपहर कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान अनुज के रूप में हुई है। उसके जीजा दीपक ने बताया कि अनुज की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही अनुज और उसकी पत्नी के बीच विवाद रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन अनुज को परेशान और प्रताड़ित करते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
दीपक के अनुसार, परिवार पहले ही कई दुखद घटनाओं का सामना कर चुका था। अनुज के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसके छोटे भाई की करीब तीन महीने पहले सड़क दुर्घटना में जान चली गई थी। इन घटनाओं के बाद वह काफी अकेला पड़ गया था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से लगातार मानसिक दबाव बनाए जाने के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। अनुज दिल्ली स्थित मदर डेयरी में कार्यरत था और रोजाना फरीदाबाद से दिल्ली ड्यूटी के लिए जाता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।