फरीदाबाद। अनंगपुर गांव के हरिजन मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के दौरान युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। हमले में उसकी पसली की हड्डी टूट गई। घायल को बीके अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।
रिपोर्ट में चोट गंभीर प्रकृति की मिलने के बाद सूरजकुंड थाना ने 26 सितंबर को दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अनंगपुर निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई राजेंद्र और वीरेंद्र शराब के नशे में उनके घर आकर गाली-गलौज करते थे। आरोप है कि दोनों उनकी पत्नी और बेटी के साथ भी अभद्रता करते थे। इसका विरोध करने पर दोनों ने रंजिश रखते हुए उनके बेटे दीपक के साथ मारपीट की। आरोप है कि राजेंद्र और वीरेंद्र ने लोहे की रॉड से दीपक के सीने पर वार किया, जिससे उसकी पसली में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अस्पताल की अंतिम डॉक्टरी राय में चोट को गंभीर प्रकृति का बताया गया है। संवाद