झाड़सेतली और बाईपास रोड स्थित आगरा नहर के पास हुए हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। झाड़सेतली और बाईपास रोड स्थित आगरा नहर के पास हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में वाहनों की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
मृतकों में एक दिल्ली में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) में माली के तौर पर काम करता था और दूसरा फाइनेंस कंपनी का क्लस्टर टेक्निकल मैनेजर था। दोनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा झाड़सेतली के पास शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। सागरपुर गांव निवासी सोनू (28) को शनिवार को बारिश के कारण काम से घर लौटने में देर हो गई थी। वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी झाड़सेतली के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर लहूलुहान पड़े सोनू को जब मदद की सख्त दरकार थी, तब वहां से गुजर रहे एक पुलिसकर्मी ने इंसानियत दिखाई। हालांकि, उस पुलिसकर्मी की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं हो सकी है। उसने बिना एक पल गंवाए गंभीर रूप से घायल सोनू को संभाला। उसके फोन से परिजनों को हादसे की सूचना दी और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, पुलिसकर्मी की इस तत्परता और डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद गंभीर चोटों के कारण सोनू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में सेक्टर-58 थाना ने मृतक के भाई रवि की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सोनू की असमय मौत से सागरपुर गांव स्थित उनके घर में मातम छा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब सोनू का शव घर पहुंचा, तो परिजनों के सब्र का बांध टूट गया। परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोनू अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों और एक गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। बिलखते परिजनों ने रोते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी और बेसहारा हुए परिवार के लिए उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।
राहगीर ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया
दूसरा हादसा सेक्टर-3 चौकी क्षेत्र में बाईपास रोड स्थित आगरा नहर के पास हुआ। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले और फरीदाबाद में किराये पर रहने वाले संदीप कुमार (26) एक फाइनेंस कंपनी (अजरौंदा स्थित दशमेश प्लाजा) में क्लस्टर टेक्निकल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। 26 सितंबर को संदीप बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से भाग गया। हादसे के बाद किसी राहगीर ने घायल संदीप को उपचार के लिए सेक्टर-8 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कंपनी की ओर से घटना की सूचना संदीप के भाई पवन कुमार को दी गई, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार मृतक के भाई की शिकायत पर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस बाईपास रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन चालक की पहचान में जुटी है।