बल्लभगढ़। सेक्टर-3 स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास युवक पर दो अज्ञात युवकों ने नुकीले हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घायल की पहचान निपुण कुमार पटेल के रूप में हुई है। वह सेक्टर-3 के 36 गज क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है और पीपीएमएस कंपनी में काम करता है।
निपुण के चाचा धनंजय कुमार पटेल ने बताया कि मंगलवार दोपहर निपुण के दोस्त मोनू का फोन आया। उसने बताया कि निपुण को लड़ाई-झगड़े में चोट लगने के कारण सेक्टर-8 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि निपुण के शरीर पर किसी नुकीले हथियार से चोटें लगी हैं। वह निपुण को बेहतर उपचार के लिए ईएसआईसी अस्पताल एनआईटी-3 ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए थे। आरोप है कि दोनों ने निपुण पर नुकीले हथियार से कई बार वार किए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बाइक सवार दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद