फरीदाबाद। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। पहला हादसा गांव प्याला में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही करीब 65 वर्षीय हरदम देवी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। सीकरी चौकी प्रभारी सुरेंद्र फोगाट ने बताया कि ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया गया है और परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।वहीं, दूसरा हादसा भूपानी थाना क्षेत्र के कांवरा रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार हाईड्रा ने पैदल जा रहे 65 वर्षीय दलीप कुमार को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक हाईड्रा छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और हाईड्रा को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। संवाद