होडल। 1200 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने चाचा और दो चचेरे भाइयों पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर होडल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, होडल निवासी सरमन ने शिकायत में बताया कि उसके चाचा शंकरलाल के 1200 रुपये बकाया थे, जिन्हें वह लौटा चुका था। इसके बावजूद दोबारा रुपये मांगने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पांच अक्तूबर को शाम करीब 6:30 बजे अशोक टेंट की दुकान के पास शंकरलाल, प्रेम उर्फ पवन और रवि उर्फ सन्नी ने उसका रास्ता रोक लिया। प्रेम ने उसके सिर में मुक्का मारा, जबकि रवि ने दाएं हाथ पर डंडे से वार किया। शंकरलाल पर भी लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मौके से भागने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद