कागजात पूरे नहीं होने की वजह से नहीं मिल पाया पीएनडीटी प्रमाण पत्र, दोबारा किया जाएगा आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव छांयसा स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को अभी अल्ट्रासाउंड की सुविधा के लिए इंतजार करना होगा। विभाग की ओर से पीएनडीटी प्रमाण पत्र के लिए जो आवेदन किया गया था, उसमें कागजात पूरे नहीं होने की वजह से आपत्ति लगा दी गई है। अब मेडिकल कॉलेज की ओर से दोबारा आवेदन किया जाएगा।
अस्पताल में 16 जुलाई 2022 को ओपीडी शुरू की गई थी। संसाधनों की कमी के कारण पहले यहां कम मरीज पहुंचते थे, लेकिन अब अस्पताल में खून की जांच , डिजिटल एक्स-रे, आईपीडी और इमरजेंसी सेवा शुरू कर दी गई है। जिसकी वजह से अब मरीजों की संख्या 300 से 350 तक पहुंच गई है। मरीजों को और भी बेहतर सुविधा देने के लिए पीपीपी मोड के तहत रेडियोलॉजी विभाग शुरू किया गया है। जिसमें मरीजों के डिजिटल एक्सरे की सुविधा दी जा रही है। पीपीपी मोड के तहत अल्ट्रासाउंड की मशीन को इंस्टॉल किया जा चुका है। वहीं रेडियोलॉजिस्ट की भी नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन अभी प्रमाण पत्र नहीं मिला है। इस वजह से मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए अभी अन्य अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
-
जल्द ही उनकी ओर से कागजात पूरे करने की कोशिश की जा रही है। जिसके बाद दोबारा से आवेदन किया जाएगा। - डॉ. बी एन वशिष्ठ, निदेशक