उत्तर प्रदेश को बनाया गया है थीम स्टेट, प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला इस बार नवाबी तहजीब और लखनऊ की खूबसूरती से सराबोर रहेगा। मेले में उत्तर प्रदेश को थीम स्टेट बनाया गया है, जिसके चलते पर्यटकों को लखनऊ की कला, संस्कृति और प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
31 जनवरी से 15 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में लखनऊ की मशहूर चिकनकारी, जरी-जरदोजी तहजीब, संगीत और शहर की ऐतिहासिक पहचान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, वहां की जीवनशैली, खानपान और सांस्कृतिक धरोहर को भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, इस साल मेले में लखनऊ की विरासत को थीम के रूप में शामिल करना पर्यटकों के लिए बेहद खास अनुभव होगा। देश - विदेश से आने वाले शिल्पकार अपने हुनर की मिसाल पेश करेंगे, वहीं सांस्कृतिक मंचों पर लखनऊ की पारंपरिक प्रस्तुतियां मेले की शान बढ़ाएंगी। सूरजकुंड मेला हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है। इस बार थीम स्टेट उत्तर प्रदेश होने से लखनऊ की प्रसिद्ध पहचान का व्यापक प्रदर्शन मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा।