हर आयु वर्ग के लोग यहां स्वच्छ हवा, व्यायाम और सुरक्षित मनोरंजन का लाभ उठा सकें, 9 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-56ए में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने लोगों को हरियाली व फिटनेस की सौगात देने के लिए काम शुरू कर दिया है। प्राधिकरण सेक्टर-56ए में पार्क बनाने के लिए 3.58 करोड़ रुपये खर्च करेगा। परियोजना के तहत इसे एक संपूर्ण सामुदायिक स्वास्थ्य और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। ताकि हर आयु वर्ग के लोग यहां स्वच्छ हवा, व्यायाम और सुरक्षित मनोरंजन का लाभ उठा सकें। परियोजना को 9 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शहर में बढ़ते प्रदूषण, सघन होते कंक्रीट निर्माण और घटते सार्वजनिक हरित क्षेत्रों के बीच यह पहल लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए ऑक्सीजन बूस्टर मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े शहरों में खुली और हरित जगहों की कमी सीधा असर लोगों की सेहत पर डालती है। ऐसे में एक सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त पार्क सैर-सपाटे के साथ तनाव कम करने, बच्चों के विकास और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी होगा।
परियोजना के तहत पार्क की सुरक्षा और सीमांकन के लिए टो-वॉल के साथ ग्रिल फेंसिंग की व्यवस्था की जाएगी जिससे अतिक्रमण पर लगाम लगे और हरियाली सुरक्षित रहे। सुबह-शाम टहलने वालों और जॉगिंग करने वालों के लिए अंदर और आसपास मजबूत फुटपाथ बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अत्याधुनिक ओपन जिम लगाए जाएंगे जहां नागरिक बिना शुल्क के व्यायाम कर सकेंगे।
बच्चों के लिए सुरक्षित और आधुनिक प्ले-एरिया विकसित किया जाएगा, जिसमें गुणवत्तापूर्ण झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे। पार्क परिसर में बैठने के लिए गार्डन बेंच हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण और सुसज्जित लैंडस्केपिंग भी शामिल है ताकि पूरा वातावरण स्वच्छ, शांत और आकर्षक बने।
9 महीने में पार्क बनने के बाद तीन साल तक की जाएगी देखभाल
इस परियोजना की सबसे अहम खासियत है 3 वर्ष की अनिवार्य डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड यानी मुफ्त मेंटेनेंस की शर्त। इसमें सिविल कार्य, ओपन जिम, बच्चों के उपकरण और बेंच सहित सभी संरचनाओं का रखरखाव एजेंसी करेगी। यदि तीन साल के भीतर किसी प्रकार की तकनीकी या गुणवत्ता संबंधी कमी आती है तो उसे एजेंसी समय रहते सही करवाएगी। इस प्रावधान से निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित होने के साथ लोगों को समय पर समस्या का समाधान मिलेगा।
शहर के लिए मॉडल प्रोजेक्ट
सेक्टर-56ए का यह पार्क विकास कार्य फरीदाबाद के अन्य सेक्टरों के लिए भी एक उदाहरण बनेगा। यदि परियोजना समय पर और तय मानकों के अनुरूप पूरी होती है तो यह सफल मॉडल के रूप में काम करेगी। यह योजना लोगों को स्वस्थ जीवनशैली प्रदान करने के साथ बच्चों को सुरक्षित खेल परिसर व पर्यावरण की सौगात प्रदान करने वाली साबित होगी।
लोगों की सुविधा के लिए प्राधिकरण हर स्तर पर तेजी से काम कर रहा है। जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा। - संदीप दहिया, एसई, हरियाणा शहर विकास प्राधिकरण