14 जून तक आवेदन कर सकेंगी एजेंसियां
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। आयोजन के लिए टेंट, सजावट, टी-शर्ट और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद हेतु ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक खरीद-फरोख्त समिति का गठन किया गया है। समिति ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक सामग्री की खरीद सुनिश्चित करेगी। इच्छुक एजेंसियां और फर्में 14 जून रात 11:59 बजे तक ई-टेंडर पोर्टल पर आवेदन कर सकती हैं। प्राप्त निविदाओं को 15 जून को समिति की निगरानी में खोला जाएगा। प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि योग दिवस को लेकर विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां की जा रही हैं।