हरियाली तीज के मौके पर तिगांव में हुआ विशाल दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तिगांव स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में हरियाली तीज के मौके पर विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इनमें एक लाख रुपये की कुश्ती बराबरी पर समाप्त हुई। एक लाख रुपये की कुश्ती का पहला मुकाबला कलुआ और पृथ्वीराज जबकि दूसरा मुकाबला अजय गुर्जर एवं दिल्ली के मोनू के बीच बराबरी पर समाप्त हुआ।
इन सभी पहलवान को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। दंगल का शुभारंभ मंत्री राजेश नागर ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर किया। दंगल में कुल 98 कुश्ती हुईं। इनमें से 2100 रुपये की 16 कुश्ती, 3100 रुपये की 8 कुश्ती, 5100 रुपये की 13 कुश्ती हुई। जबकि 11000 रुपये की 13 कुश्ती, 21000 रुपये की सात कुश्ती और 31000 रुपये की दो कुश्ती हुईं। विजेताओं को नगद पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता की जिम्मेदारी 84 पाल ने उठाई थी। कुश्ती को देखने के लिए कई गांव के लोग पहुंचे थे। इस मौके पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि खेलों को अपने जीवन का हिस्सा जरूर बनना चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल नागर, रोहित नागर, सरपंच वेद अधाना, कालू पहलवान, रतन, आकाश देशवाल, डीपी नागर आदि मौजूद रहे।