संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगामी हरियाणा ओलंपिक खेलों के लिए फरीदाबाद कुश्ती संघ की ओर से कुश्ती के ट्रायलों के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है। 11 अक्तूबर को जिले के मोहना गांव स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। सीनियर ओपन कुश्ती के ट्रायलों में महिला और पुरुष दोनों वर्ग के खिलाड़ी शामिल होंगे।
ट्रायल में फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन और महिला कुश्ती कैटेगरी में मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें विभिन्न वजन श्रेणियों में मुकाबले होंगे। फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 और 125 किलो ग्राम भारवर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं ग्रीको रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किग्रा भारवर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार महिला कुश्ती में 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 और 76 किग्रा के ट्रायल मुकाबले खेले जाएंगे। कुश्ती कोच पवन सैनी ने बताया कि ट्रायल से पहले शाम 3-4 बजे तक खिलाड़ियों का वजन किया जाएगा। इसके बाद मुकाबलों की शुरुआत होगी।