कॉलोनी की कई गलियों को खोदकर छोड़ दिया गया, निवासी परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी इन दिनों सीवर लाइन के काम के चलते परेशानी का केंद्र बन गया है। विकास कार्य के नाम पर शुरू हुआ यह काम अब स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत साबित हो रहा है।
कॉलोनी की कई गलियों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे पूरे इलाके में अव्यवस्था और असुविधा का माहौल बन गया है। सड़कों को खोदने के बाद काम की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे गड्ढे कई दिनों से वैसे ही पड़े हैं। दोपहिया वाहन चलाना तो मुश्किल हो ही गया है, पैदल चलने वालों को भी हर कदम बहुत सावधानी से रखना पड़ता है, क्योंकि गिरने का खतरा बना रहता है। रेहड़ी-पटरी वाले आमतौर पर गली में आकर सब्जी, फल और रोजमर्रा का सामान बेचते हैं, लेकिन उखड़ी सड़कों और मलबे के कारण उनकी आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। रास्ता खराब होने के कारण रेहड़ी-पटरी वालों ने गलियों का रूख करना बंद कर दिया है।
कोट्स
खुदाई के बाद जो मिट्टी और धूल उड़ रही है, वह सीधे घरों के अंदर जा रही है। इससे घरों में सफाई रखना मुश्किल हो गया है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलना जोखिम भरा हो सकता है। -संजू देवी
काम शुरू तो कर दिया गया लेकिन इसे पूरा करने की कोई स्पष्ट समयसीमा नजर नहीं आ रही। हर दिन दिक्कत बढ़ती जा रही है। बच्चों के खेलने की जगह प्रभावित हो रही है। - लता देवी