संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एसआईआर से पहले मतदाता सूची को पूरी तरह दुरुस्त करने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर मिलान और सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, फरीदाबाद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों-पृथला, बल्लभगढ़, फरीदाबाद एनआईटी, बड़खल, फरीदाबाद और तिगांव में यह प्रक्रिया एक साथ चल रही है।
निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। फॉर्म-6 के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए रोजाना औसतन 135 से 170 आवेदन आ रहे हैं, जबकि फॉर्म-8 के माध्यम से नाम, उपनाम, पता, मोबाइल नंबर और फोटो आदि में संशोधन के लिए प्रतिदिन 90 से 110 आवेदन मिल रहे हैं। वहीं फॉर्म-7 के तहत मृत व्यक्तियों के नाम हटाने या दो स्थानों पर दर्ज नामों को हटाने के लिए भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।
इसके साथ ही राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर बीएलओ, चुनाव कानूनगो और सुपरवाइजरों की टीमें बूथवार और घर-घर जाकर पुराने रिकॉर्ड के साथ मतदाता सूचियों का मिलान कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में वर्ष 2002 की मतदाता सूचियों का मिलान वर्ष 2024 की अद्यतन सूचियों से पूरा किया जा चुका है। इस दौरान जिन मतदाताओं के नाम दोनों सूचियों में मेल नहीं खा रहे हैं या जिनकी जानकारी संदिग्ध पाई गई है, उन्हें अलग सूची में चिन्हित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पूरी कवायद का उद्देश्य मतदाता सूची से अपात्र नामों को हटाना और पात्र नागरिकों के नाम सुनिश्चित करना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए एक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे स्वयं भी अपने विवरण की जांच कर समय रहते आवश्यक संशोधन करवा लें।