अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। वायलेट मेट्रो लाइन का दो स्थानों पर ब्लॉक (कार्य के लिए समय) मिल जाने से फरीदाबाद पलवल केएमपी एक्सप्रेसवे का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से दोनों स्थानों पर पुल बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एनएचएआई की ओर से डीएनडी से मीठापुर के इस 9 किलोमीटर के सेक्शन को पूरा कर इसे दिल्ली से नॉनस्टॉप मुंबई तक वाहन चालकों के लिए शुरू करने की तैयारी है।
डीएनडी से सोहना तक 59 किलोमीटर के फरीदाबाद पलवल केएमपी एक्सप्रेसवे (दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे लिंक रोड) में 50 किलोमीटर का कार्य अक्तूबर-2024 में पूरा हो गया था। अब दिल्ली के मीठापुर से डीएनडी पुल तक 9 किलोमीटर के एलिवेटेड रोड का कार्य पूरा किया जाना था। इस 9 किलोमीटर के सेक्शन में एक्सप्रेसवे चार स्थानों पर मेट्रो को पार कर रहा है। इसके अलावा एक स्थान पर कालिंदी कुंज से शाहीन बाग रोड और कालिंदी कुंज के पास आगरा नहर के ऊपर से भी यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है।
एक्सप्रेसवे के इस 9 किलोमीटर के सेक्शन में मेट्रो और अन्य राजमार्गों के ऊपर से कार्य करने के लिए ब्लॉक न मिलने के कारण लंबे समय से एक्सप्रेसवे का कार्य पूरा करने में बाधा आ रही थी। दो माह पहले शाहीन बाग के पास ही वायलेट मेट्रो लाइन पर 10 दिनों का ब्लॉक मिलने पर इसका कार्य पूरा किया गया। इसके बाद से अन्य स्थानों पर ब्लॉक नहीं मिल रहा था। दो माह बाद इसी लाइन के ऊपर से कार्य के लिए एनएचएआई को ब्लॉक मिला है।
ब्लॉक मिलने पर एनएचएआई की ओर से मेट्रो लाइन पर गर्डर रखने की तैयारी की जा रही है। पहले चरण में सपोर्ट के लिए लोहे के गर्डर रखे गए हैं। इसके ऊपर सीमेंटेड गर्डर रखकर उसे जाेड़ा जाएगा। एनएचएआई की ओर से इस कार्य के लिए एक माह का ब्लॉक लिया गया है।