कंपनी ने 15 दिन में काम पूरा करने का किया दावा, रात-दिन कार्य किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ग्रेप-4 की पाबंदियां हटने के बाद से मोहना रोड पर छह लेन के एलिवेटेड रोड के साथ-साथ वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गया है। पाबंदियाें के चलते पिछले 10 दिनों से काम रुका हुआ पड़ा था। 700 मीटर लंबे एलिवेटेड मार्ग के साथ-साथ वैकल्पिक मार्ग के लिए अतिक्रमण हटाकर रोड पर मिट्टी डालने का कार्य शुरू कर दिया है। निर्माणाधीन कंपनी का दावा है कि 15 दिनों के अंदर वैकल्पिक मार्ग बना दिया जाएगा। इसको लेकर विभाग की ओर से रात-दिन कार्य किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग की ओर से एलिवेटेड रोड का कार्य तेजी से चल रहा है। निमार्ण कार्य के दौरान लोगों को जाम की समस्या से जूझना ना पड़े उसके लिए छोटे वाहन चालकों के लिए आकाश सिनेमा से पंजाबी धर्मशाला तक जाने वाले नाले के साथ दोनों ओर 700 मीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनने की योजना है। लोक निमार्ण विभाग की ओर से सड़क को खोद कर बिजली के खंभों को हटा दिया था। वहीं, कुछ लाइन को अंडरग्राउंड करने का कार्य भी पूरा हो गया था, लेकिन सीवर की लीकेज होने की वजह से कार्य रुक गया था। जिसके चलते लीकेज को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से एफएमडीए को पत्र लिखकर अवगत करा दिया ।
एफएमडीए की ओर से लीकेज को ठीक कर दिया गया, लेकिन प्रदूषण के चलते ग्रेप लागू होने की वजह से कार्य को रोक दिया था। अब ग्रेप-4 हटने के बाद तेजी से वैकल्पिक मार्ग का कार्य किया जा रहा है। रात को भी जेसीबी की मदद से अवरोध हटाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही मिट्टी डालकर अस्थायी रोड का निर्माण कार्य किया जा रहा है। आने वाले 15 दिनों के अंदर मार्ग का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
-
214 करोड़ की लागत से बनना है एलिवेटेड रोड
बल्लभगढ़ में आगरा-मथुरा रोड से मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले एलिवेटेड रोड को बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। यह रोड करीब 214 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। इस रोड के बनने के बाद लोगों को मोहना रोड पर लगने वाले जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। करीब 2.75 किलोमीटर लंबा यह पुल मोहना रोड से होकर गुजरेगा। यह दशहरा मैदान से शुरू होकर मोहना रोड स्थित आदर्श नगर थाने के पास उतरेगा। एलिवेटेड रोड बनने के बाद लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
-
चार जगहों पर पिलर बनकर हुए तैयार
रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क पर चार जगहों पर पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर कई जगहों पर पाइलिंग का कार्य शुरू कर दिया है। अब पाइलिंग का कार्य ऊंचा गांव और पंजाबी धर्मशाला के पास चल रहा है। जहां पर जल्द ही पिलर को बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ग्रेप लागू होने की वजह से वैकल्पिक मार्ग का कार्य बंद पड़ा था। अब कार्य शुरू कर दिया है जो कि 15 दिनों के अंदर पूरा कर दिया जाएगा। प्रदीप संधू, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग