संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने और हरित क्षेत्र विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शनिवार को चार बड़े पानी के ट्यूबवेल तथा अग्रसेन बूस्टर तक नई पानी की लाइन डाले के कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही मिल्क प्लांट रोड बूस्टिंग स्टेशन पर एक बड़े पार्क का निर्माण किया जाएगा। इस पार्क से सेक्टर-2, आर्य नगर सहित आसपास की कई कॉलोनियों के लोग लाभान्वित होंगे और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण में सैर व व्यायाम कर सकेंगे।
विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि दाना पानी पार्क, सेक्टर-3 के पास चार बड़े ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। अग्रसेन बूस्टिंग स्टेशन से चावला कॉलोनी तक पानी पहुंचाने के लिए नई लाइन डाली जाएगी जिस पर लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत आएगी। इस योजना से भगत सिंह कॉलोनी, पूर्वी चावला कॉलोनी, चावला कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों को भरपूर पेयजल उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद महेश गोयल, पार्षद पवन यादव सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी और विभिन्न कॉलोनियों और सेक्टरों के नागरिक उपस्थित रहे।