संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एफआईएमटीआईए) ने संगठन में महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए महिलाओं को जोड़ना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार शाम को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जेमिनी एसोसिएट्स की को-ओनर गरिमा शर्मा को संगठन में सहायक सचिव के रूप में शामिल किया गया।
बता दें कि इससे पहले इस प्रमुख औद्योगिक संगठन से मात्र एक से दो महिलाएं ही जुड़ी हुई थीं, जिसके चलते निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सीमित थी। एसोसिएशन के इस नए प्रयास का मुख्य उद्देश्य इस संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि करना और महिला उद्यमियों तथा प्रोफेशनल्स को आगे लाना है।
नवनियुक्त सहायक सचिव गरिमा शर्मा ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आईएमटी क्षेत्र की महिलाओं को सशक्त बनाने और उद्योग जगत में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा, वीके गुप्ता, एमएल शर्मा व अन्य उद्यमियों ने कहा कि इससे न सिर्फ उद्योग जगत में महिलाओं को बढ़ावा मिलेगा बल्कि जो महिलाएं समाज के साथ मिलकर उद्योग जगत में काम करना चाहती हैं उनकी हिचकिचाहट खत्म होगी।