भनकपुर में आयोजित किया जा रहा है अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण का विशेष प्रशिक्षण शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी।
छांयसा। केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) फरीदाबाद द्वारा गांव भनकपुर में अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वरोजगार के गुर सीखे।
प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण करने के लिए केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान फरीदाबाद के निदेशक पीयूष गोयल पहुंचे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया तथा उन्हें प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जोगिंदर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव भनकपुर का चयन होने से क्षेत्र की महिलाओं को घर के नजदीक ही रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गांव की माताएं और बहनें सरकार द्वारा संचालित ऐसे स्वावलंबन कार्यक्रमों का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी और अपने परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से महिलाओं में स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा उन्हें आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।