फरीदाबाद में बढ़ रही महिला उद्यमियों की भागीदारी, दूसरों के लिए बन रहीं प्रेरणास्रोत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में महिलाएं अब घरेलू जिम्मेदारियों के साथ स्वरोजगार के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। बुटीक, ब्यूटी पार्लर, टिफिन सर्विस, बेकरी, कॉस्मेटिक्स और हस्तशिल्प जैसे छोटे कारोबार के जरिये वे न केवल परिवार की आय में सहयोग कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
महिला उद्यमियों का कहना है कि सोशल मीडिया और डिजिटल भुगतान की सुविधा ने छोटे कारोबार को नई दिशा दी है। ऑनलाइन प्रचार के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंच आसान हुई है, जिससे कारोबार का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वहीं, स्थानीय बाजारों में भी महिला उद्यमियों की मौजूदगी पहले की तुलना में अधिक दिखाई देने लगी है।
हालांकि कारोबार की शुरुआत में पूंजी की कमी, बाजार में प्रतिस्पर्धा और ग्राहकों का विश्वास जीतना आसान नहीं होता। इसके बावजूद कई महिलाओं ने मेहनत, गुणवत्ता और बेहतर सेवा के बल पर अपने व्यवसाय को स्थापित किया है।
मेहनत और ग्राहकों के भरोसे से कारोबार लगातार बढ़ रहा है। - पूनम, तिगांव
स्वरोजगार ने मुझे आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाया है। - अनीता, नचौली
डिजिटल प्लेटफॉर्म से नए ग्राहकों तक पहुंच आसान हुई है। - शांति, सेक्टर- 21
आसान ऋण और प्रशिक्षण से अधिक महिलाएं उद्यमी बन सकती हैं। - रेनू, पाली