फरीदाबाद। सेक्टर-88 स्थित निजी अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने 57 वर्षीय महिला के दिमाग के पिछले हिस्से में मौजूद जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी कर उसे नई जिंदगी दी। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को लंबे समय से आ रहे तेज चक्कर, सिरदर्द और चलने में असंतुलन की समस्या से राहत मिली है।
मरीज शंकुतला देवी लंबे समय से इन परेशानियों से जूझ रही थीं। जांच में उनके मस्तिष्क के पिछले हिस्से में लगभग 5×6 सेंटीमीटर का ट्यूमर मिला, जो ट्रांसवर्स साइनस नामक महत्वपूर्ण नस पर दबाव बना रहा था। चिकित्सकों के अनुसार इस हिस्से की सर्जरी अत्यंत जटिल मानी जाती है, क्योंकि यहां ब्रेनस्टेम और महत्वपूर्ण नसें बेहद करीब होती हैं।
न्यूरो सर्जरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. भूपेंद्र फौजदार और डॉ. दीपक चौधरी ने माइक्रो सर्जरी के माध्यम से पूरे ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस दौरान आसपास की नसों और ब्रेन टिश्यू को सुरक्षित रखा गया। सर्जरी के बाद मरीज को एक रात न्यूरो आईसीयू में निगरानी में रखा गया और अगले दिन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। डॉ. फौजदार ने बताया कि लगातार चक्कर आना, बिना कारण सिरदर्द रहना या चलने में असंतुलन जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। संवाद