साड़ी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया था, आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के चावला कॉलोनी स्थित वन स्टार गेस्ट हाउस में 31 अक्तूबर को हुई महिला की हत्या की गुत्थी को अपराध शाखा, डीएलएफ ने सुलझा लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले बिहार के मुंगेर जिले के निवासी आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि महिला द्वारा खर्चे के लिए पैसे मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर साड़ी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एक नवंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत चावला कॉलोनी स्थित होटल के संचालक सागर निवासी संजय कॉलोनी ने शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर की सुबह करीब 10 बजे बिहार के मुंगेर जिले का रहने वाला एक व्यक्ति और एक महिला होटल आए थे और उन्होंने खुद को कपल बताकर कमरा नंबर 201 बुक कराया था। दोपहर करीब दो बजे वह व्यक्ति खाना लेने की बात कहकर कमरे से बाहर निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। उसी दिन रात करीब 9:30 बजे जब होटल के सफाई कर्मचारी ने जाकर देखा, तो कमरा खुला था और महिला बेड पर बेसुध पड़ी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एक ही मकान में रहते थे दोनों
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जांच अपराध शाखा, डीएलएफ को सौंपी गई। अपराध शाखा, डीएलएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नवंबर को आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिव कुमार करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और सीकरी में किराये पर रहने लगा था। मृतका और आरोपी एक ही बिल्डिंग में ऊपर-नीचे किराये पर रहते थे। इसी दौरान करीब दो साल पहले दोनों के बीच जान-पहचान और नजदीकी बढ़ी थी।
गांव के युवक का दिखाया था आधार कार्ड
31 अक्तूबर को दोनों चावला कॉलोनी स्थित होटल में पहुंचे थे। कमरे में महिला ने आरोपी से अपने खर्चे के लिए कुछ पैसे मांगे, जिसे लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई। गुस्साए आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर उसकी ही साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी शिव कुमार ने पहचान छिपाने के लिए होटल में अपनी असली आईडी नहीं दी थी। उसने अपने गांव के ही शेखर नामक व्यक्ति की आईडी का इस्तेमाल कर होटल में एंट्री कराई थी ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।