पलवल-हथीन रोड पर रतीपुर गांव के निकट हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पलवल-हथीन रोड पर रतीपुर गांव के निकट एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अहरवां गांव निवासी रोहताश के अनुसार, उसकी भाभी कमला अपने बेटे जिले सिंह के साथ किसी कार्य से पलवल शहर आई थीं। शाम को दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे रतीपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे।
हादसे में कमला को भारी चोटें आईं जबकि बेटे को हल्की चोटें पहुंचीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला नागरिक अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने कमला की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए जांच तेज कर दी है। सदर थाना पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी ड्राइवर की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।