बीपीटीपी थाना क्षेत्र के सेक्टर-84 की घटना, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीपीटीपी थाना क्षेत्र के सेक्टर-84 में पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान महिला दूसरी मंजिल की गैलरी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की और बाद में गैलरी में धक्का-मुक्की के दौरान वह नीचे गिर गई।
महिला के दाहिने पैर के टखने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सेक्टर-84 निवासी 44 वर्षीय नीरू चौधरी ने बताया कि वह रेवाड़ी स्थित एक कंपनी में कस्टमर सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसका पति सुरजीत सिंह सेक्टर-84 स्थित मकान में रहता है। महिला के अनुसार पति शराब पीने का आदी है और लंबे समय से उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा है।
नीरू के मुताबिक 15 अगस्त की छुट्टी होने के कारण वह पति के बार-बार फोन करने पर फरीदाबाद स्थित घर आई थी। उसके पहुंचने के करीब दो घंटे बाद पति शराब पीने लगा। शराब पीने से मना करने पर पति गुस्सा हो गया और उसके साथ बहस करने के बाद मारपीट करने लगा। आरोप है कि पति ने घर के दरवाजे बंद कर उसे पीटा। किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर गैलरी में पहुंची लेकिन पति वहां भी उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसी दौरान वह दूसरी मंजिल की गैलरी से गिर गई। परिजनों ने घायल महिला को सेक्टर-83 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।