नई दिल्ली।
शाहबाद डेयरी इलाके में एक महिला को अश्लील वीडियो भेजकर उसे वायरल करने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। 32 साल की पीड़िता परिवार के साथ शाहबाद दौलतपुर गांव में रहती हैं। वह इलाके में स्थित खिलौना बनाने वाली फैक्टरी में काम करती हैं। शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज प्राथमिकी में महिला ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे अज्ञात नंबर से फोन किया और कुछ देर बाद उसके व्हाट्सएप पर उसकी तस्वीर वाला अश्लील वीडियो भेजा। आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे तीन लाख रुपये मांगे।
डर की वजह से उसने 50 हजार रुपये उधार लिए और गहने बेचकर बाकी रकम जुटाई। आरोपी के कहने पर उसने पैसे को यूईआर-2 बवाना फ्लाईओवर के पास बैग फेंक दिया। उसके बाद उसने शाहबाद डेयरी थाने में इसकी शिकायत की। जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के नंबर के जरिए उसकी पहचान की जा रही है।