गांव दयालपुर की घटना, जेठ के जन्मदिन समारोह के दौरान हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव दयालपुर में 42 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। वहीं, महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
गांव दयालपुर निवासी मधु के जेठ का मंगलवार रात जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। आरोप है कि किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई। इसके कुछ देर बाद मधु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह घटना की सूचना थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस को दी गई।
मधु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जट्टारी की रहने वाली थी। उसके दो बच्चे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद जट्टारी से उसके करीब 35 से 40 रिश्तेदार दयालपुर गांव और थाना सदर बल्लभगढ़ पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि मधु के शरीर पर चोट के निशान हैं। उनका कहना है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।