हरि विहार निवासी जयवती (55) बुधवार सुबह करीब छह बजे घर की ऊपरी मंजिल पर बने बाथरूम की ओर गई थीं। जैसे ही वह बाथरूम में दाखिल हुईं, अचानक बाथरूम वाला हिस्सा और उससे जुड़ा छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जे के साथ महिला भी नीचे आ गिरी और भारी मलबे के नीचे दब गईं।
हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने स्थानीय स्तर पर राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जयवती को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के कारण वह और उसकी दोनों बहनें अपनी मां के पास आई हुई थीं। परिवार पहले ही अपने पिता को खो चुका है और अब इस हादसे ने परिवार को एक और बड़ा झटका दिया है। घर में अब केवल एक भाई हरेन्द्र ही बचा है। अचानक हुए इस हादसे से परिजन गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मकान के जर्जर हिस्से के गिरने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।