- महिला के मोबाइल से कॉल कर कारोबारी से मांगी गई थी एक करोड़ की रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कपड़ा कारोबारी को कॉल कर एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने और फिर घर पर गोली चलवाने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। सेक्टर-30 अपराध शाखा का दावा है कि इसी महिला के मोबाइल से कारोबारी को रंगदारी के लिए कॉल किया गया था। महिला की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी मिथलेश (24) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि टीम की जांच में सामने आया कि धमकी देने वाले रंकित ने सह आरोपी कमल की पत्नी मिथलेश के फोन का प्रयोग कर कारोबारी से रंगदारी मांगी थी। महिला से दो फोन बरामद किए गए हैं। महिला को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस की टीम अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
न्यू जनता कॉलोनी निवासी यश अरोड़ा ने सारन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता किसी काम से हरिद्वार गए थे। इसी दौरान उनके पास रंकित नाम के युवक ने कॉल कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी। उसी रात को दो लड़कों ने उनके घर की घंटी बजाई और गाली-गलौच करते हुए गेट पर गोलियां चलाईं और भाग गए। सारन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।