महिला ने अपना बैंक खाता ठगों को दिया हुआ था, खाते में आए थे 40 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के नाम पर 81200 रुपये ठगी मामले में महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला मनीषा पाठक उत्तराखंड हल्द्वानी की रहने वाली है। पूछताछ में पता चला कि महिला ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को दिया हुआ था। इस खाते में ठगी के 40 हजार रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत फरीदाबाद की रहने वाली महिला ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 10 जुलाई को एक अंजान नंबर से उनके व्हॉट्सएप पर एक लिंक आया। इसमें वर्क फ्रॉम होम के बारे में बताया गया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम टास्क ग्रुप में जुड़ गई। वहां उन्होंने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से टेलीग्राम टास्क में कुल 81200 रुपये निवेश किये लेकिन रिफंड नहीं मिली। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।