पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में सोते समय गर्दन पर चाकू से वार कर गोपाल (37) की हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या की इस वारदात को पत्नी काजल (36) ने अपने प्रेमी योगेंद्र (37) के साथ मिलकर अंजाम दिया है। अपराध शाखा डीएलएफ और पल्ला थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी और साजिशकर्ता प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक गोपाल मूल (37) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। वह डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर था। गोपाल श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में किराये के मकान में रहता था, जबकि उसकी पत्नी काजल अपने तीन बच्चों (बेटी और दो बेटे) के साथ गांव कुंवरपुर में रहती थी।
गोपाल के भाई भूरा ने पुलिस को बताया कि गांव के ही रहने वाले योगेंद्र के साथ काजल के प्रेम संबंध हैं। योगेंद्र बाउंसर है और पहलवानी करता है। प्रेम प्रसंग की वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी रंजिश में पत्नी ने प्रेमी ने साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
बच्चों को लेकर आई फरीदाबाद
कुछ दिन पहले ही काजल अपने तीनों बच्चों को लेकर गांव से फरीदाबाद आई थी। वह श्याम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर ठहरी हुई थी। गोपाल भी रिश्तेदारी के चलते वहां आता-जाता था। वारदात की रात गोपाल शराब के नशे में घर पहुंचा और सो गया। काजल ने सो रहे गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस और अपराध शाखा डीएलएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पत्नी काजल को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पल्ला थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर हत्या की साजिश में शामिल उसके प्रेमी योगेंद्र निवासी कुंवरपुर, हाथरस को भी धर दबोचा है।