यूपी के हाथरस का रहने वाला था गोपाल
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गोपाल मूल (37) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। वह फरीदाबाद के डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में नौकरी करता था। गोपाल श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में किराए के मकान में रहता था, जबकि उसकी पत्नी काजल अपने तीन बच्चों (बेटी और दो बेटे) के साथ गांव कुंवरपुर में रहती थी।
बाउंसर है योगेंद्र
मृतक के भाई भूरा ने पुलिस को बताया कि काजल के गांव के ही रहने वाले योगेंद्र (जो पेशे से बाउंसर है और पहलवानी करता है) के साथ प्रेम संबंध थे। जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी रंजिश में पत्नी व प्रेमी ने साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
हत्या वाली रात शराब के नशे में था गोपाल
घटना से कुछ दिन पहले ही काजल अपने तीनों बच्चों को लेकर गांव से फरीदाबाद आई थी और श्याम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर ठहरी हुई थी। गोपाल भी रिश्तेदारी के चलते वहां आता-जाता था। वारदात की रात गोपाल शराब के नशे में घर पहुंचा था। रात के वक्त जब गोपाल कमरे में सो रहा था और बच्चे दूसरे कमरे में थे, तब पत्नी काजल ने खुद ही सोते हुए गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खून से सनी थी गोपाल की लाश
सूचना मिलने पर गांव से मृतक के जब परिजन श्याम कॉलोनी पहुंचे, तो उन्होंने कमरे में गोपाल का खून से लथपथ शव देखा, जिसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस और अपराध शाखा डीएलएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पत्नी काजल को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस का बयान
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पल्ला थाना ने मृतक के भाई की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर हत्या की साजिश में शामिल उसके प्रेमी योगेंद्र (निवासी कुंवरपुर, हाथरस) को भी धर दबोचा है। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
प्रेमी को हाथरस से बुलाने की भी चर्चा
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि काजल ने कथित तौर पर करीब 200 किलोमीटर दूर से अपने प्रेमी योगेंद्र को हाथरस से फरीदाबाद बुलाया था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से इस पहलू पर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हत्या की साजिश, पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग और अन्य संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।