हथौड़े से युवक के पैर तोड़ने के मामले में गिरफ्तार किए थे तीन बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पुलिस ने बंदर-भालू गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर बुधवार को उनका सिर मुंडवाया और जिस जगह पर घटना को अंजाम दिया था वहां तक बाजार में परेड निकाली गई। 17 अप्रैल को आरोपियों ने एक युवक पर हथौड़े और डंडों से वार कर उसके पैर तोड़ दिए थे। उस मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचागांव की टीम ने तिगांव के बदरौला गांव के आर्यन (20), भीकम कॉलोनी के दलविंद्र उर्फ हर्ष ठाकुर (24) व सेविन उर्फ देवराज (20) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि भीकम कॉलोनी के रहने वाले अच्चनत ने थाना शहर बल्लभगढ़ में दी अपनी शिकायत में बताया कि काॅलोनी के रहने वाले बलराज उर्फ भालू के साथ उसकी काफी दिनों से रंजिश चली आ रही है। 17 अप्रैल को बलराज व उसके अन्य साथियों ने मिलकर उसके साले प्रवीण पर लाठी, हथौड़े व रॉड से हमला कर उसके दोनों पैर तोड़ दिए।
क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों का पूर्व में भी अपराधी के रिकॉर्ड है। क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए हर्ष, सेविन और आर्यन की गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही करवाई गई। इसके बाद पुलिस ने उनका सिर मुंडवाकर उसी इलाके में परेड निकाली, जहां वारदात हुई थी। पुलिस ने बताया कि बल्लभगढ़ में बंदर और भालू, दोनों बदमाशों का आतंक है। यह दोनों इलाके के हिस्ट्रीशीटर हैं। इन पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन दोनों का पड़ोस में रहने वाले प्रवीण के साथ पुराना झगड़ा चला आ रहा है।