फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए अहम कोविड वेबसाइट और मोबाइल ऐप लांच किया। उन्होंने कहा कि कहा कि आज कोरोना महामारी हमारे सामने सबसे बड़ी आपदा बन कर खड़ी है। इस घड़ी में लोगों को तुरंत सहायता कैसे मुहैया कराएं, इसके लिए सरकार व जिला प्रशासन दिन-रात कार्य कर रहे हैं। लोगों की मदद के लिए ही जिला प्रशासन द्वारा covidfaridabad.com वेबसाइट और मोबाइल ऐप लांच किया गया है। इस वेबसाइट व मोबाइल ऐप पर शहर के लोगों को कोविड-19 से संबंधित प्रत्येक सूचना उपलब्ध होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कोविड-19 आपदा की दूसरी लहर में जिला प्रशासन ने लगातार कार्य किया है। लोगों को चिकित्सा सुविधा, टेस्टिंग, ऑक्सीजन सिलिंडर, डॉक्टरी सलाह सहित अनेकों ऐसी व्यवस्थाएं की हैं जिनके लिए दिक्कत का सामना करना पड़ता था। जिला प्रशासन ने जो वेबसाइट लांच की है, इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति कोविड-19 के दौरान होने वाली किसी भी परेशानी में सहायता प्राप्त कर सकता है। इसका मोबाइल ऐप भी लांच किया गया है जिसे प्रत्येक व्यक्ति अपने मोबाइल में अपलोड कर जरूरी सुविधाएं प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बटन दबाकर पहचान एनजीओ द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से बनाई गई वेबसाइट और ऐप को लांच किया। इस ऐप को डिजाइन करने वाली पहचान एनजीओ के अनिल बंसल को बधाई भी दी।
उपायुक्त यशपाल ने बताया कि वेबसाइट व मोबाइल ऐप पर हेल्पलाइन, कांटेक्ट ट्रेसिंग, टीकाकरण केंद्र, कोविड-टेस्ट रिपोर्ट, प्लाज्मा, ऑक्सीजन, एंबुलेंस सेवा, बेड, आइसोलेशन, होम केयर व होम आइसोलेशन, टिफिन सर्विस, फार्मेसी सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना आपदा में पिछले काफी समय से एकीकृत वेबसाइट व ऐप की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। आज फरीदाबाद के लोगों के लिए यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि जिले में कोविड-19 को लेकर स्थिति नियंत्रण में है लेकिन आम लोगों को सामाजिक दूरी व मास्क पहनने जैसे नियमों का पालन करना होगा। इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ,विधायक नरेंद्र गुप्ता, विधायक सीमा त्रिखा, विधायक नीरज शर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, एसडीएम फरीदाबाद परमजीत चहल, सीटीएम पुलकित मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।