फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए बिजली निगम के दफ्तरों में लोगों की समस्याओं से संबंधित कार्य (पब्लिक डीलिंग) कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए हैं। उपभोक्ता निगम से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए ऑनलाइन माध्यम का सहारा ले सकते हैं। इसके लिए बिजली निगम ने टोल फ्री नंबर 1912 भी जारी किया है। इस पर लोगों की हर समस्या का समाधान होगा।
जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। हालांकि पिछले तीन दिनों में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है। इसके बावजूद निगम अधिकारी व कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इसे देखते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने अपने सभी दफ्तरों में पब्लिक डीलिंग का काम कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। उपभोक्ताओं की सभी समस्याओं का अब ऑनलाइन समाधान किया जाएगा। ऑनलाइन माध्यम से आने वाली शिकायतों का समाधान कर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी भी दी जाएगी। उपभोक्ता अपनी शिकायत टोल फ्री नंबर 1912 अथवा ई-मेल 1912@dhbvn.org.in के माध्यम से कर सकते हैं। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ ने बताया कि निगम के अधिकतर कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं। निगम में विभिन्न कामकाज से आने वाले लोगों का सीधा वास्ता कर्मचारियों से होता है और इसकी वजह से डिवीजन एवं सब डिवीजन कार्यालयों में संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। इसे देखते हुए निगम ने फिलहाल अपने कार्यालयों में पब्लिक डीलिंग के कार्य बंद कर दिए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वह अपनी शिकायतें ऑनलाइन माध्यमों से भेजें।