शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने के लिए महापंचायतों से करेंगे जागरूक
सामाजिक परंपराओं को सरल बनाने और भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सभी समाजों से एकजुट होने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शादी-विवाह में बढ़ते खर्च और सामाजिक परंपराओं के नाम पर परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की पहल की गई है। राजीव कॉलोनी में आयोजित महापंचायत में सामाजिक सुधार, सादगीपूर्ण विवाह और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य को लेकर चर्चा की गई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में सामाजिक परंपराओं को सरल बनाना जरूरी है, ताकि परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव न पड़े और समाज आर्थिक रूप से मजबूत बन सके।
महापंचायत में जगन डागर ने कहा कि इस मुहिम को केवल राजीव कॉलोनी तक सीमित नहीं रखा जाएगा। फरीदाबाद की प्रत्येक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में महापंचायतें आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए बुजुर्गों और सामाजिक प्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। समय के साथ खेती की जमीन और संसाधनों में बदलाव आया है। ऐसे में शादी-विवाह पर भारी खर्च करना परिवारों के लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए सामाजिक परंपराओं को सरल बनाकर अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने होंगे।
-
सभी समाजों को एक मंच पर आने की अपील
महापंचायत में विभिन्न समाजों की ओर से सामाजिक सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सभी वर्गों और समाजों को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना चाहिए। सामाजिक कुरीतियों और अनावश्यक खर्चों को कम करने के लिए सामूहिक निर्णय लेने तथा उन्हें व्यवहार में लागू करने की जरूरत है।
बैठक में अभियान को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी पंचायत आयोजित करने और अगली महापंचायत की तिथि निर्धारित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सुधार की पहल तभी व्यापक रूप ले सकती है, जब अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी करें और लिए गए निर्णयों को अपने जीवन में अपनाएं।
महापंचायत में सत्यवीर डागर, मुकेश डागर, डालचंद डागर, धर्मेंद्र तेवतिया, जगदीश बेनीवाल, अनिल पोसवाल, प्रदीप मुद्गिल, सोनू खान, पवन प्रधान, छगन प्रधान, बच्चू प्रधान, बिल्लू भाटी, प्रदीप डागर, प्रदीप दायमा, रविंदर डागर, राजेंद्र कंडक्टर, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।