ग्रामीणों की शिकायत पर कब्जाधारियों को नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। गांव हीरापुर में पीडब्ल्यूडी की सड़क के किनारे बने नाले पर अवैध कब्जे के कारण जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। नाला गांव के पानी को जोहड़ तक पहुंचाने के लिए बनाया गया था, लेकिन नाले के कुछ हिस्से पर कथित अवैध कब्जा होने के कारण उसकी सफाई नहीं हो पा रही है। इससे नाले का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है और सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बीडीपीओ कार्यालय में शिकायत देकर नाले को कब्जा मुक्त कराने और जलनिकासी व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नाले की नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित रहती है और बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से सड़क टूटने का खतरा भी बढ़ गया है।
वहीं, ग्रामीणों की ओर से गांव के जोहड़ की जमीन पर भी अवैध कब्जे की शिकायत दी गई है। सरपंच प्रतिनिधि कमल कौशिक ने बताया कि नाले पर कब्जा करने वाले लोगों को अब तक दो नोटिस दिए जा चुके हैं। तीसरा नोटिस देने के बाद भी यदि कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासन की मदद से नाले को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जोहड़ की जमीन पर अवैध कब्जे के रूप में बनाई गई सड़क को भी हटाया जाएगा। लोगों के घूमने-फिरने के लिए केवल ट्रैक की जगह छोड़ी जाएगी, जबकि शेष जमीन पर पंचायत की ओर से पौधे लगाए जाएंगे।