बारिश से पहले नगर निगम ने जलभराव से निपटने के लिए बड़े-बड़े दावे किए थे। नगर निगम की ओर से जेसीबी से नालों की सफाई कराई गई। स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा एनआईटी पांच सहित अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश के पानी निकासी के लिए ड्रेनेज लाइन बिछाने का काम जारी है। धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के बावजूद अधिकारियों का दावा था कि बारिश में सड़कों पर जलभराव नहीं होगा। अंडरपासों में पानी नहीं भरे इसके लिए बूस्टिंग स्टेशनों की मोटरों को बदल कर नया लगाया गया। दावा था कि बारिश होने पर कुछ ही देर में अंडरपास का पानी निकल जाएगा लेकिन शनिवार हुई बारिश में निगम के दावे धुल गए।
निगम के दावे पानी में डूबे
शहर के बड़े नाले, सीवर लाइनों आदि की समय पर नियमित रूप से सफाई का कार्य नगर निगम को करना होता है। मानसून से पहले हर साल निगम नालों की सफाई कराता है। लेकिन यह कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ। शनिवार को हुई बारिश से कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया।
घरों और दुकानों में भरा पानी
बारिश से डबुआ कॉलोनी, पर्वतिया कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, सारन रोड पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से पानी घरों और दुकानों में भर गया। बारिश के पानी के साथ सीवर की गंदगी भी घरों में घुस गई। इस कारण दुर्गंध से लोगों का बुरा हाल हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
पानी में ऑटो हुए खराब तो लोगों को पैदल पानी से निकलना पड़ा
डबुआ 60 फुट रोड पर एक बार फिर घुटना तक पानी भर गया। रविवार सुबह तक सड़क से पानी नहीं निकलने के कारण एक ऑटो रास्ते में खराब हो गया। इससे ऑटो में सवार लोगों को पैदल पानी से होकर रोड पार करना पड़ी। इस दौरान कई लोगों की स्कूटी और मोटर साइकिल खराब हो गई। इसलिए ऑटो चालकों ने डबुआ जाने से किनारा कर लिया। बीके चौक, नीलम चौक, एक नंबर आदि जगहों से अपने गंतव्य तक सवारी न मिलने से लोगों को परेशानी हुई। कुछ ऑटो चालक चलने को तैयार भी हुए तो उन्होंने लोगों से दोगुना किराया वसूला। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बल्लभगढ़ बस स्टैंड बना तालाब
बल्लभगढ़ बस स्टैंड चौक पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा होने से जलभराव की स्थिति बन गई। चौक के साथ बस स्टैंड परिसर में भी पानी भर गया। इससे यात्रियों को बस पकड़ने में काफी दिक्कतें हुई।
इन सड़कों का जलभराव से बुरा हाल
सेक्टर-10-11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15, 16, 17, 18, 19, 21, 22, 23, 28, 29, 30, 31व 37 की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, एयरफोर्स रोड, रेलवे रोड, सेक्टर-7 और सात के डिवाइडिंग रोड पर, सेक्टर-3 से तिगांव रोड, 100 फुटा रोड और बल्लभगढ़ स्थित बस अड्डे पर भी पानी भर गया। ऐसे में यहां बस पकड़ने आए यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
जलभराव से निपटने के लिए सभी इंतजाम किए जा चुके हैं। रात हुई बारिश के बाद थोड़ी देर में ही सड़कों से पानी निकल गया। नालों की सफाई का काम अभी जारी रहेगा। - गौरव अंतिल, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम
कहां कितनी हुई बारिश
फरीदाबाद - 70 एमएम
तिगांव - 25 एमएम
बल्लभगढ़ - 30 एमएम
मोहना - 29 एमएम
दयालपुर - 30 एमएम
बड़खल - 74 एमएम
धौज - 45 एमएम
गौंछी - 58 एमएम
(नोट शनिवार रात से रविवार सुबह 8 बजे तक बारिश के आंकड़े)