ओल्ड रेलवे अंडरपास को दिया गया बंद, बैरिकेड्स के नीचे से निकलते दिखे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में हुई बारिश ने बुनियादी ढांचे की पोल एक बार फिर खोल दी। बृहस्पतिवार को तेज बारिश के बाद फरीदाबाद के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर भरने पानी के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कमजोर ड्रेनेज सिस्टम के कारण सड़कों पर घंटों पानी भरा रहा। वहीं ओल्ड रेलवे अंडरपास में फतेहपुर चंदीला गांव का सीवर का पानी आ रहा है जो बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
आपको बताते चलें कि फरीदाबाद के तीनों अंडरपास को तेज बारिश के दौरान बंद कर दिया जाता है। मेवला महाराजपुर व एनएचपीसी अंडरपास की स्थिति तो बारिश में सामान्य रही लेकिन ओल्ड रेलवे अंडरपास को बारिश के समय बंद कर दिया गया । लोग अंडरपास को बंद करने के लिए लगाए गए बैरिकेड्स के नीचे से निकलकर जाते दिखाई दिये जो बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
पहले भी हो चुका है हादसा
ओल्ड रेलवे अंडरपास फरीदाबाद का प्रमुख संपर्क मार्ग है। यहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। बृहस्पतिवार को जब दोपहर बाद तेज बारिश हुई तो अंडरपास में पानी भर गया। समस्या यहीं खत्म नहीं हुई। अंडरपास के पास से गुजरने वाली सीवर लाइन जिसमें फतेहपुर चंदीला गांव का गंदा पानी आता है वह ओवरफ्लो होकर अंडरपास में जा रहा है जिससे जलभराव की स्थिति और ज्यादा हो गई। आपको बताते चलें कि इसी अंडरपास में करीब एक साल पहले हादसा हो चुका है । जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं है। हर बारिश के मौसम में यही हाल होता है।
जलभराव के कारण बनी जाम की स्थिति
शहर में एनआईटी, बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद, भगत सिंह कॉलोनी, बाटा चौक, बीके चौक, वाईएमसीए रोड सहित कई इलाकों में जलभराव से जाम लगा रहा। सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से कई वाहन चालकों को परेशानी हुई, कई बाइक फिसलीं और गाड़ियां बंद हो गईं। जलभराव की वजह से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए और जो निकले, उन्हें लंबा रूट लेकर जाना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और महिलाओं को हुई, जिन्हें जलभराव और फिसलन भरी सड़कों के बीच से गुजरना पड़ा।
कुछ जगहों पर पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं
एफएमडीए और नगर निगम की ओर से किसी बड़े राहत कार्य की फिलहाल कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। हालांकि कुछ जगहों पर पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं। ओल्ड रेलवे अंडरपास को लेकर जब एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता अंकित भारद्वाज से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।