संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल के द्वितीय तल पर लगा वाटर कूलर पिछले कुछ दिनों से खराब पड़ा है, जिससे वहां भर्ती मरीजों के तीमारदारों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजन पहले से ही मानसिक तनाव में रहते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधा के अभाव ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
तीमारदारों का कहना है कि बार-बार नीचे जाकर पानी लाना पड़ता है। कई बार मरीजों को भी पानी की जरूरत पड़ती है, लेकिन मशीन खराब होने के कारण समय पर पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द मशीन को ठीक कराने या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
इस संबंध में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने कहा कि उन्हें वाटर कूलर खराब होने की जानकारी मिली है। जल्द ही मशीन की मरम्मत कराकर उसे चालू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन की पूरी कोशिश रहती है कि किसी भी मरीज और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।