बल्लभगढ़। वार्ड नंबर-40 की खचेडू कॉलोनी स्थित गली नंबर-8 में आने वाली तीन गलियों में पानी की पाइप लाइन न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि टैंकर मंगा कर पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। लोगों ने इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से भी की है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हो सका है।
इन तीन गलियों में रहने वाले करीब 100 घर पानी की कमी से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसा नहीं है कि कॉलोनी वासियों की समस्या से नगर निगम अनभिज्ञ हो, लेकिन बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है, जबकि कॉलोनी वासी पिछले दो वर्षों से अपने यहां पानी की पाइप लाइन बिछवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
वर्जन-
हमारी कॉलोनी में करीब 100 परिवार पानी आपूर्ति न होने से परेशान है, जिसकी निगम अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी हैं। लेकिन अधिकारी आश्वासन दें टाल देते हैं। - घासीराम शर्मा, खचेडू कॉलोनी
दो सालों से पानी के लिए अन्य साधनों पर निर्भर है। गली वाले एकत्र होकर टैंकर बुलाते हैं। जिससे पानी की आपूर्ति हो पाती है। इसके लिए हम कई बार जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं, लेकिन हमारी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। - नागेंद्र, खचेडू कॉलोनी
एक तरफ कोरोना काल के चलते घरों से निकलने की मनाही है, वहीं गर्मी के मौसम में पानी की सबसे अधिक जरूरत होती है। जिसके लिए पानी पर मारामारी होती है। टैंकर आते ही पानी लेने की प्रतिस्पर्धा मच जाती है। - राजेश, निवासी खचेड़ू कॉलोनी
मैं हाल ही में यहां तबादला होकर आया हूं, शनिवार को इन गलियों का दौरा कर कार्य को जल्दी से जल्दी पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। - रमन मलिक, जेई वार्ड-40