वाहन हो रहे खराब, विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर गुजरने की मजबूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। बारिश के चलते मोहना रोड पर बने कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेसवे के अंडरपास में कई फीट तक पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी अधिक होने के कारण यहां से गुजरने वाले कार और बाइक सवारों के वाहन खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस अंडरपास से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं कॉलेज जाने के लिए गुजरते हैं। बारिश के मौसम में यहां गंदा पानी जमा होने के कारण विद्यार्थियों को काफी दिक्कत होती है। कई बार उन्हें जूते उतारकर हाथों में लेकर पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीण सतवीर अत्री का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीण ईश्वर नंबरदार मोहना ने बताया कि अंडरपास में जलभराव की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। हर बार बारिश होने पर यहां कई फीट तक पानी जमा हो जाता है। इससे वाहन खराब होते हैं और कॉलेज जाने वाले बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अंडरपास से पानी निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।