गांव अटाली में आयोजित कार्यक्रम में बोले- केंद्रीय मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव मोठूका में एनटीपीसी की ओर से वेस्ट टू चारकोल प्लांट लगाया जाएगा। वेस्ट टू चारकोल प्लांट में कूड़े से कोयला बनाया जाएगा। जिससे फरीदाबाद शहर को कूड़े के पहाड़ से मुक्ति मिलेगी। यह बात केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने गांव अटाली में जिला परिषद के वाइस चेयरमैन धर्म चौधरी के यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट को लगने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने साफ किया कि वेस्ट टू चारकोल प्लांट से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए सरकार की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के रमना में देश का पहला वेस्ट टू चारकोल प्लांट स्थापित किया गया है। जो एनटीपीसी के सहयोग से बनाया गया है। यह प्लांट प्रतिदिन बड़ी मात्रा में शहरी कचरे का निपटान करता है और उससे चारकोल (कोयला) बनाता है। इस चारकोल का उपयोग बिजली उत्पादन में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेस्ट टू चारकोल प्लांट कचरे के निस्तारण की एक अभिनव विधि है। फरीदाबाद में भी कचरे से चारकोल प्लांट लगाने से लोगों को कूड़े से निजात मिलेगी।
शहर की बढ़ती हुई आबादी के कारण लगातार कूड़ा कचरा उत्पन्न हो रहा है। इस समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से यह प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल की ओर से भी इस प्रोजेक्ट के लिए बजट भी मंजूर कर दिया गया है। जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन विजय लोहिया, वाइस चेयरमैन धर्म चौधरी, हल्का अध्यक्ष सोहनपाल छोकर, भाजपा नेता बलदेव अलावलपुर, पूर्व सरपंच राजेश चौधरी, पूर्व सरपंच दया नंबरदार सहित कई लोग मौजूद रहे।